फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जिले की दो नगर पालिका व सात नगर पंचायतों में चयनित 3236 लाभार्थियों के खाते में पहली किस्त के एक-एक लाख रुपये भेजे गए। इससे लाभार्थी के अपने आवास का निर्माण शुरू कराएंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी-2 एक सितंबर 2024 से शुरू की गई है। इसके तहत नगरीय क्षेत्र में रहने वाले गरीबों को आवास निर्माण के लिए दो लाख 50 हजार रुपये दिए जाते हैं। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से नगर पालिका फर्रुखाबाद में 804, कायमगंज में 93, नगर पंचायत कमालगंज में 96, कंपिल में 45, खिमसेपुर में 583, मोहम्मदाबाद में 235, नवाबगंज में 571, संकिसा में 381 व शमसाबाद में 428 लाभार्थियों का चयन किया गया।
इसमें पहली किस्त में एक लाख, दूसरी किस्त में एक लाख व तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये देने का प्रावधान है। मुख्यमंत्री ने एक क्लिक कर लाभार्थियों के खाते में पहली किस्त के एक-एक लाख रुपये भेज दिए। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जनप्रतिनिधियों के साथ लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। जिले के 3236 लाभार्थियों के खाते में एक-एक लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।