मोहम्मदाबाद। एक पखवारे पहले दुष्कर्म के बाद हुई किशोरी की हत्या के मामले में नामजद किए गए आरोपी के परिजनों ने थाने का घेराव किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके परिवार के सदस्य को झूठा मुकदमे में फंसाया गया है। कोतवाल ने दोबारा विवेचना का आश्वासन देकर इन लोगों को शांत कराया। कहा कि निर्दोषों नहीं फंसने दिया जाएगा।
चौधरी सूबेदार सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहम्मदाबाद में 30 अक्तूबर को एक किशोरी का ईंटों से कुचला हुआ शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई थी। किशोरी की मां ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। छानबीन के दौरान पुलिस ने देवेंद्र कठेरिया, बबलू निवासी तकीपुर और कमलेश पाल निवासी शिवाजी नगर के खिलाफ दुष्कर्म व हत्या की रिपोर्ट तरमीम कर ली थी। इस मामले में कमलेश पाल जेल में निरुद्ध है। वहीं, देवेंद्र और बबलू फरार चल रहे हैं। देवेंद्र के परिजनों ने मंगलवार को जिलाधिकारी और एसपी से मिलकर देवेंद्र को झूठा फंसाए जाने की शिकायत की थी।
एसपी और डीएम ने कोतवाल से मिलने की बात कहकर देवेंद्र के परिजनों वापस भेज दिया था। बुधवार को देवेंद्र की पत्नी मनु, भाई सत्यभान और रामनिवास समेत कई ग्रामीण कोतवाली पहुंच गए। देवेंद्र के परिजनों ने कोतवाल से कहा कि उनके भाई देवेंद्र को मुकदमे में झूठा फंसाया जा रहा है। थानाध्यक्ष भीम सिंह जावला ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की दोबारा जांच कराई जाएगी। इसके बाद देवेंद्र के परिजन मौके से चले गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि एसपी को इस मामले से अवगत कराया जाएगा।