फर्रुखाबाद। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व भाई दूज बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गईं। बहनों ने भाइयों के घर पहुंचकर उनका तिलक किया और आरती उतारकर लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उनकी रक्षा का संकल्प दोहराया।
बहनों ने तिलक लगाकर भाइयों का मुंह मीठा कराया। भाइयों ने बहनों को उपहार, गिफ्ट पैक और अन्य भेंट देकर स्नेह जताया। कई जगह भाई अपनी बहनों के घर पहुंचे तो कहीं बहनें भाइयों के घर तिलक करने पहुंचीं। सुबह से शाम तक घरों में मिलने-जुलने का सिलसिला चलता रहा। बाजारों में भी मिठाई और उपहारों की खरीदारी को लेकर चहल-पहल रही। पर्व ने भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और अपनत्व की मिठास घोल दी।
=====
तिलक लगाकर बहनों ने मांगी भाइयों की लंबी उम्र
कंपिल। सुबह से ही घरों में त्योहार की रौनक दिखाई दी। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की कामना की। दोनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। त्योहार के चलते बाजारों में भी चहल-पहल रही। मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। (संवाद)