नवाबगंज। गौतमबुद्ध नगर के दादरी रेलवे स्टेशन के पास रेल लाइन पर मिले हिस्ट्रीशीटर के शव को देर रात परिजन घर लेकर पहुंचे, तो चीख पुकार मच गई। रिश्तेदारों और नगर के लोगों की भारी भीड़ जमा रही। परिजन घर से बुलाकर ले जाने वाले एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र के निवासी एक साथी पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
नगर पंचायत के वार्ड भगत सिंहनगर (नगला झब्बू सिंह) निवासी सभासद रामवती देवी के हिस्ट्रीशीटर पुत्र सर्वेश नट का शव सोमवार रात करीब सवा नौ बजे घर पहुंचा। शव आने की सूचना से पहले ही बड़ी संख्या में परिजन के अलावा रिश्तेदार और आसपास के लोगों की भीड़ जमा रही। शव आते ही परिजन दहाड़ें मारकर रोने लगे। पुत्री शिवानी ची-चीख कर कह रही थी कि उसके पिता को एटा जिले के अलीगंज थाने के एक गांव निवासी साथी 16 जनवरी की रात घर से बुलाकर ले गया था। 17 जनवरी की आधीरात तक पिता से बात हुई। इसी के बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पिता की उसी ने हत्या की है। सभासद मां का रो-रो कर बुरा हाल है। उसके दो शादीशुदा पुत्र हैं। देर रात तक लोगों की भीड़ जमा रही।