राजेपुर। थाना क्षेत्र के गांव भुसेरा में आलू के खेत में बने मचान के नीचे रविवार को ग्रामीण का शव पड़ा मिला। ग्रामीण के गले में रस्सी का फंदा पड़ा हुआ था। कुछ रस्सी मचान में भी लटकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव भुसेरा निवासी राजवीर सिंह भदौरिया (50) पांच फरवरी को खेत पर पानी लगाने के बाद देर शाम घर आए तो बेटे सुशील से विवाद हो गया। इससे राजवीर घर से बाहर निकल आए। पति को बाहर जाते देखकर पत्नी रामधनी ने रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं रुके।
रविवार की सुबह संजीव के आलू के खेत में बने मचान के नीचे राजवीर का शव पड़ा ग्रामीणों ने देखा। राजवीर के गले में पुआल की रस्सी बंधी थी, जबकि कुछ रस्सी मचान में लटक रही थी। गांव के ही वीरेंद्र ने इसकी जानकारी मृतक के भाई प्रमोद को दी। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी मौके पर आ गए। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
मामले की सूचना पर दरोगा लालसिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजवीर सिंह के सात बच्चे है। इनमें उनके एक पुत्र सुशील की शादी हो चुकी है।