कन्नौज। युवती को ले जाने का आरोपी गुरुवार को पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट से फरार हो गया। इससे पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने काफी प्रयास किया पर पता नहीं चल सका। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
जिला एवं सत्र न्यायालय में पेशी पर जा रहा आरोपी पुलिसकर्मी व सिपाही को चकमा देकर फरार हो गया। उपनिरीक्षक राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली के मोहल्ला सराय बहादुर निवासी अवनीश उर्फ लालू पर युवती को ले जाने का आरोप है। उसे पेश करने के लिए न्यायालय कक्ष में खड़ा किया गया था। वहां से भीड़ का फायदा उठाकर युवक फरार हो गया। कक्ष में मौजूद आरक्षियों और कर्मियों ने काफी ढूंढ़ने का प्रयास किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही युवक की अभिरक्षा में लगे होमगार्ड सतीशचंद्र और आरक्षी विवेक कुमार की भूमिका की जांच भी की जा रही है। पुलिस ने युवक की तलाश में कई जगह दबिश दी पर सफलता नहीं मिली। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। युवक की अभिरक्षा में लगे सिपाही व होमगार्ड की भी विभागीय जांच की जाएगी। चौकी प्रभारी राजेश प्रताप सिंह की तहरीर पर आरोपी पवनीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।