गांव अरियारा से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ फोटो। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। क्षेत्र में कई दिनों से खतरनाक जंगली जानवर होने की सूचना पर ग्रामीणों में खौफ बना है। बुधवार को गांव अरियारा से पेड़ पर बैठे एक तेंदुए का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोगों में चर्चा का विषय बन गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच की। जांच में फोटो कहां की है इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
क्षेत्र के गांव अताईपुर में सोमवार को एक नर्सरी में मरा हुआ वनरोज मिला था। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची थी। जंगली जानवर के पैरों के निशान की फोटोग्राफी की गई। टीम ने लकड़बग्घा होने की आशंका जताई। पशु चिकित्साधिकारी ने वनरोज का पोस्टमार्टम किया। इसमें किसी कुत्ते द्वारा मांस नोंचने की बात कही गई। मंगलवार को एक ग्रामीण ने जंगली जानवर देखे जाने की सूचना दी।
इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खेतों की ओर अकेले जाने से कतराने लगे हैं। इस बीच बुधवार को गांव अरियारा से पेड़ पर बैठे एक तेंदुए का फोटो वायरल हुआ। इसमें ग्रामीणों ने दावा किया कि कुछ लोगों ने तेंदुए को भागते देखा है। इस सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी एके अवस्थी टीम के साथ गांव पहुंचे। टीम के सामने किसी ने यह नहीं कहा कि उसने तेंदूए को भागते देखा।
फोटो वायरल करने वाले युवक ने बताया उसके ग्रुप पर फोटो आया उसमें लिखा था कि गांव अरियारा के पास बंबा किनारे तेंदुआ पेड़ पर बैठा है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई। वहां किसी जानवर के पैरों के निशान नहीं मिले हैं। इसके बावजूद ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।