फर्रुखाबाद। दुकान मालिक ने किरायेदार का सामान बाहर फेंक दिया। इसको लेकर किरायेदार और हिंदू महासभा के नेताओं ने जमकर हंगामा किया। दो गुटों का मामला होने के कारण कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने किरायेदार का सामान अंदर रखवा दिया। शहर कोतवाली के लालगेट तिराहा स्थित कब्रिस्तान से सटी राजू खां की दुकान है। इस दुकान को शहर के मोहल्ला कुचिया निवासी जितेंद्र मिश्रा दुकान किराये पर लिए है। उसमें वह चश्मे का व्यापार कर रहा है। मंगलवार की शाम करीब 4 बजे जितेंद्र ने अपने परिचित युवक को वहां पर बैठा कर फतेहगढ़ चले गए थे। इस बीच राजू और उसके परिवार वालों ने जितेंद्र का सारा सामान दुकान से निकाल कर फेंक दिया और अपना सामान रख कर उसमें ताला लगा दिया। जब जितेंद्र दुकान पर पहुंचा तो सामान बाहर देखकर उसने अपने भाई धर्मेंद्र मिश्रा को दी। सूचना मिलने पर परिवार के लोग वहां पर आ गए। यहां पर जितेंद्र और राजू के परिवार वालों में सामान फेंकने को लेकर विवाद होने लगा। विवाद की सूचना पर कादरीगेट चौकी प्रभारी यशपाल सिंह आ गए। यहां पर दरोगा की राजू के परिवार वालों से नोकझोंक हो गई। दरोगा ने कोतवाल संजीव राठौर को सूचना दी। कोतवाल फोर्स के साथ आ गए। इस दौरान हिंदू महासभा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा को दी। सूचना पर राजेश मिश्रा, विमलेश मिश्रा, अभिषेक बाजपेई, आलोक मिश्रा, अंकित तिवारी समेत कई लोग मौके पर आ गए। दुकान से सामान फेंकने जाने को लेकर हिंदू महासभा के पदाधिकारियों की शहर कोतवाल से तीखी नोकझोंक होने लगी। पदाधिकारियों ने कोतवाल पर पैसे लेकर सामान फेंकने का आरोप लगाया। हंगामा होने की सूचना पर सीओ सिटी शरदचंद्र शर्मा भी आ गए। सीओ ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया। पदाधिकारियों ने साफ कहा कि पहले दुकान का ताला खोल कर उसमें सामान रखा जाए। इस दौरान एसडीएम सदर अजीत सिंह मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने पुलिस को सामान दुकान के अंदर रखने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने ताला राजू को बुला कर ताला खुलवाया और उसकी बाइकों और फर्जीचर को बाहर निकाल कर जितेंद्र का सामान अंदर रखवाया। तब कही जाकर लोग शांत हो सकें।