फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सकवाई के पास आल्टो और टेंपो की टक्कर से स्नानार्थियों से भरा टेंपो पलट गया। हादसे में सास-बहू की मौत हो गई। दंपती समेत पांच लोग घायल हो गए। कुछ घायलों को लोहिया अस्पताल तो कुछ तो नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
जिला और थाना मैनपुरी के मोहल्ला चौथियान से बीती रात टेंपो में सवार होकर लोग गंगा स्नान करने पांचाल घाट आ रहे थे। बुधवार रात करीब 10:30 बजे मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सकवाई स्थित एक ढाबे के पास फतेहगढ़ की ओर से आ रही आल्टो कार से टेंपो की टक्कर हो गई। इससे टेंपो पलट गया। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक भाग गए।
ढाबे पर मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। दुर्घटना में घायल गीता देवी (38) पत्नी विपिन उर्फ अप्पू, उनकी सास मिथलेश देवी (50) पत्नी बचान सिंह, चार वर्षीय पुत्र पार्थ के अलावा नरेश राजपूत, इनकी पत्नी सुनीता देवी पत्नी अमित राजपूत निवासी चौथियाना जनपद मैनपुरी को पुलिस ने लोहिया अस्पताल भिजवाया। डॉक्टर ने गीता देवी और मिथलेश को मृत घोषित कर दिया।
पति विपिन ने बताया कि मां, पत्नी और भाभी सुनीता समेत मोहल्ले के अन्य लोग टेंपो से गंगा दशहरा पर स्नान करने पांचाल घाट जा रहे थे। मोहम्मदाबाद में आल्टो की टक्कर से टेंपो पलट गया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।