कमालगंज। दो दिन पूर्व गांव से घर लौटे सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। दरवाजा खटखटाने पर कुंडी नहीं खुली तो पौत्रों ने पड़ोसी की छत से अंदर पहुंचकर देखा तो वृद्ध मृत अवस्था में मिला। कमरे से बदबू आने से घटना दो दिन पुरानी ही लग रही है। पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव महरुपुर खार निवासी ओमप्रकाश यादव (70) सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मी थे। वह कस्बा के निकटवर्ती गांव नई बस्ती में स्थित घर में अकेले रहते थे। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह ओमप्रकाश गांव से नई बस्ती आए थे। वह घर में लगे स्टेबलाइजर के तार ठीक करने लगे। तभी करंट लगने से उनकी मौत हो गई।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे पौत्र विशाल व मानू बाबा ओमप्रकाश से मिलने पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन गेट नहीं खुला। विशाल पड़ोसी की छत पर चढ़कर घर के अंदर पहुंचे और दरवाजे की कुंडी खोली। कमरे में जाकर देखा तो ओमप्रकाश मृत अवस्था में पड़े थे, उनके हाथ में बिजली का तार था। शव पुराना होने से कमरे से बदबू भी आ रही थी।
यूपी 112 पुलिस ने पहुंचकर जांच की। पड़ोसी विशाल ने बताया कि मंगलवार दोपहर को वृद्ध को देखा था, लेकिन उसके बाद वह नहीं दिखे। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि वह गंगाघाट पर सुरक्षा व्यवस्था में लगे हैं। घटना की जानकारी नहीं है।