एचटी लाइन के पोल में करंट उतरने से ट्यूबवेल के पास खेल रहे किशोर की उससे चिपककर मौत हो गई। घटना की सूचना परिजनों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को दी।
जेई ने मामले की जांच के लिए विद्युत सुरक्षा टीम को पत्र लिखा है।
थाना क्षेत्र के लोहिया गांव जीरागौर निवासी नेकराम जाटव का 12 वर्षीय पुत्र अनुज जाटव गांव के ही ओमशांति, रोहित और प्रांशु के साथ गुड्डू के ट्यूबवेल के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते अनुज ट्यूबवेल के पास लगे एचटी लाइन के पोल के सपोर्टिंग के लिए लगाए गए तार से छू गया, जिससे उसकी चिपकर मौके पर ही मौत हो गई। यह देख अनुज के साथियों ने उसके परिजनों को सूचना दी।
अनुज के परिजन जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव देख परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। अनुज की बहन पुष्पा ने बताया कि अनुज कक्षा तीन का छात्र था। परिजनों ने सूचना जेई विजय पाल यादव को दी। विजयपाल यादव ने बताया कि घटना की जांच के लिए विद्युत सुरक्षा टीम को पत्र लिखा गया है।
टीम के जांच करने के बाद ही कुछ कह पाना संभव होगा। थानाध्यक्ष अजय चौहान ने बताया कि घटना की उनके पास कोई सूचना नहीं है।