कमालगंज। चार दिन पूर्व लापता हुई किशोरी को परिजन ने पुलिस की मदद से बंद पड़े मंदिर से बरामद किया है। पुलिस ने थाने ले जाकर किशोरी से पूछताछ की। पीड़ित मां की तहरीर पर पुलिस ने महिला समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कस्बा के एक मोहल्ला निवासी महिला ने सुभाष नगर के बंदू अग्रवाल, अंबेडकरनगर निवासी काजल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री सीता को शुक्रवार सुबह काजल बहलाकर ले गई थी। काजल ने बंटू के साथ मिलकर पुत्री को कोऑपरेटिव बैंक के निकट एक मंदिर में बंद कर दिया। पुत्री की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार दोपहर उसे सूचना मिली कि कोऑपरेटिव बैंक के निकट मंदिर में बंटू ने पुत्री को बंद कर रखा है। वह लोगों के साथ मंदिर पहुंची तो पुत्री वहां बंद मिली। पुत्री ने बताया कि उसके साथ मारपीट भी की गई। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर पर बंटू और काजल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।