-व्यापारी नेता ने किशोर को पकड़कर पुलिस को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के किशोर ने सोशल मीडिया के जरिए किशोरी से दोस्ती कर उसे अपने जाल में फंसाया और फिर रुपये की मांग करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अभद्रता और धमकी भी दी।व्यापारी नेता ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
नगर के एक व्यापारी नेता की रिश्ते की भतीजी को एक गांव के निवासी किशोर ने सोशल मीडिया पर संपर्क कर भरोसा जीता और बाद में उसे ब्लैकमेल करने लगा। बुधवार को आरोपी अपने एक साथी के साथ दोबारा रुपये मांगने पहुंचा तो परिजन ने उसे पकड़ लिया। बताया गया कि आरोपी ने कई किशोरियों से इसी तरह ठगी करने की बात कबूल की और मुंबई में रहने वाले एक साथी का भी नाम लिया। परिजन का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की और उसका साथी मौके से फरार हो गया। जाते समय वह जान से मारने की धमकी भी देता गया। घटना के बाद व्यापारी नेता ने आरोपी किशोर को पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।आरोपी किशोर दूसरे समुदाय का बताया गया है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।