डीआईओएस व लेखाधिकारी का घेराव करेंगे शिक्षक
फर्रुखाबाद। अप्रैल और मई का वेतन न मिलने से माध्यमिक शिक्षक नाराज हैं। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिलाध्यक्ष लालाराम दुबे ने शनिवार को शिक्षकों के साथ वर्चुअल बैठक कर चर्चा की। इसमें जिला विद्यालय निरीक्षक और वित्त एवं लेखाधिकारी का सोमवार को घेराव कर वेतन दिलाने की मांग करने का निर्णय लिया गया है।
माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिलाध्यक्ष लालाराम दुबे ने शनिवार को संगठन के पदाधिकारी व अन्य शिक्षकों के साथ वर्चुअल बैठक की। इसमें शिक्षकों ने कहा कि 12 जून हो गई है। अभी तक अप्रैल और मई का वेतन नहीं दिया गया है जबकि माह की एक व तीन तारीख तक सभी शिक्षकों के खातों में वेतन पहुंच जाना चाहिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक और वित्त एवं लेखाधिकारी समय से शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने दे रहे हैं। इस कारण कोरोना काल में शिक्षकों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। अभी भी कुछ शिक्षक ऐसे भी हैं, जिनको मार्च का भी वेतन नहीं मिला है। इससे शिक्षकों में रोष है।
शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक व वित्त एवं लेखाधिकारी का घेराव कर शिक्षकों को वेतन दिए जाने पर वार्ता करने का बैठक में निर्णय लिया है। इस दौरान जिला मंत्री नरेंद्र सिंह सोलंकी, जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र सिंह, संतोष दुबे, अनिल सिंह, सुधाकर चतुर्वेदी आदि शिक्षक बैठक में शामिल हुए।