अमृतपुर। खंड शिक्षाधिकारी राजेपुर को निरीक्षण के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में व्यवस्थाएं बदहाल मिलीं।दो शिक्षक अनुपस्थित मिले। छात्राओं की संख्या भी कम थी। पूछताछ में पता चला कि शिक्षक माह में एक-दो बार ही विद्यालय आते हैं।
गुरुवार को खंड शिक्षाधिकारी अनूप कुमार सिंह बा विद्यालय राजेपुर का निरीक्षण करने पहुंचे। विद्यालय में 81 छात्राएं पंजीकृत थीं, जिसमें मौके पर कक्षा 6 में 14, कक्षा 7 में 15, कक्षा 8 में 15 छात्राएं मिलीं। प्रभारी वार्डन ममता रानी ने बीईओ को बताया कि कि छात्राएं घर गई हैं। पार्ट टाइम शिक्षक अरुणा राठौर, कंप्यूटर शिक्षक ज्ञानेंद्र सिंह अनुपस्थित मिले।
जानकारी करने पर बताया गया कि अप्रैल माह में शिक्षक अरुणा राठौर सिर्फ 12 अप्रैल को ही स्कूल आईं। वही कंप्यूटर शिक्षक ज्ञानेंद्र सिंह अप्रैल माह में सिर्फ आठ व 12 अप्रैल को ही विद्यालय आए। करीब पखवाड़ा भर पहले भी बीईओ को निरीक्षण के दौरान छात्र संख्या कम मिली थी। शिक्षकों की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई।
बीईओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान छात्राओं की संख्या कम थीं।दो शिक्षक अनुपस्थित थे। जानकारी पर पता चला कि एक शिक्षक अप्रैल माह में एक दिन तो दूसरे शिक्षक अप्रैल में दो दिन ही विद्यालय आए हैं। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के लिए जांच आख्या जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को भेजी गई है।बीएसए गौतम प्रसाद ने बताया कि जांच आख्या के आधार पर अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।