400 ग्राम पंचायतों में टंकियां बनेंगी
फर्रुखाबाद। जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना के तहत जनपद की 400 ग्राम पंचायतों में पानी की टंकियों का निर्माण किया जाएगा। एक पेयजल योजना पर दो से चार करोड़ तक खर्च होंगे। जलनिगम से 60 ग्राम पंचायतों में टंकी बनाने के लिए शासन को एस्टीमेट भेज दिया गया है।
केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की जल जीवन मिशन (हर घर जल) योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में शुद्ध जल मुहैया कराने के लिए टंकियों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जनपद की 400 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। चार वर्ष की इस योजना को वर्ष 2024 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।
टंकी का निर्माण कराने के साथ गांव के प्रत्येक घर में पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाई जाएगी। एक पेयजल योजना पर छोटी ग्राम पंचायत में दो करोड़ जबकि बड़ी ग्राम पंचायतों में चार करोड़ से भी अधिक धनराशि खर्च की जाएगी।
पेयजल योजना में खर्च होने वाली 50 फीसदी धनराशि केंद्र सरकार व 50 फीसदी राज्य सरकार देगी। पेयजल योजनाओं के निर्माण की जिम्मेदारी जलनिगम को सौंपी गई है। इससे विभाग से एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजे जा रहे हैं।
कमालगंज ब्लॉक में सर्वाधिक 99 टंकी बनेंगी
जल जीवन मिशन (हर घर जल) योजना के तहत कुल 400 ग्राम पंचायतों में पानी की टंकी का निर्माण होगा। इसमें ब्लाक कमालगंज में सर्वाधिक 99 टंकी बनाई जाएंगी। इसके अलावा ब्लॉक शमसाबाद में 79, मोहम्मदाबाद में 69, कायमगंज में 66, नवाबगंज में 50, राजेपुर में 31 व ब्लाक बढ़पुर में सबसे कम छह टंकियों का निर्माण होगा। इसके अलावा जिले की 89 ग्राम पंचायतों में पहले से टंकियां बनी हैं।
शासन को भेजे जा रहे एस्टीमेट
जलनिगम के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि ग्राम पंचायतों का सर्वे करने के साथ एस्टीमेट बनाए जा रहे हैं। अब तक 60 एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजे जा चुके हैं। शासन से धनराशि स्वीकृत होते ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। चार वर्ष की इस योजना में चयनित सभी 400 ग्राम पंचायतों में वर्ष 2024 तक टंकियों का निर्माण पूरा करना है।