कायमगंज (फर्रुखाबाद)। नगर के मोहल्ला चिलौली पठान स्थित तंबाकू व्यापारी के घर में तीन बदमाश शादी का कार्ड देने के बहाने घुस गए। वहां बदमाशों ने दंपति को असलहे दिखाकर व मारपीट कर अलमारी की चाबियां ले लीं। अलमारी से नगदी व जेवर लूटकर आसानी से फरार हो गए। कमरे में बंद दंपति ने पड़ोस में अपने रिश्तेदारों को आवाज लगाई। इस पर उन्होंने जाकर कमरे का दरवाजा खोला। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
मोहल्ला चिलौली पठान निवासी जैनेंद्र कुमार अग्रवाल उर्फ मामा तंबाकू का कारोबार करते हैं। उनका बड़ा बेटा निशांत दिल्ली में व्यापार करता है। छोटा बेटा प्रदीप जार्डन में नौकरी कर रहा है। जैनेंद्र के पड़ोस में भांजे सुरेंद्र अग्रवाल रहते हैं। वह कायमगंज के प्रमुख उद्योगपति सीपी अग्रवाल उर्फ पिक्को बाबू के भतीजे हैं। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए। उन्होंने दरवाजा खटखटाया और कहा कि वह मुड़ौल गांव से आए हैं। राजू अग्रवाल को कार्ड देने हैं। जैनेंद्र अग्रवाल ने कहा राजू उनके भतीजे हैं, लेकिन वह दुकान पर मिलेंगे। इस पर बदमाशों ने पानी मांगा। पानी पीने के बहाने वे घर में घुस गए। तीनों ने दंपति को रिवाल्वर व तमंचे दिखाकर चीखने पर गोली मारने की धमकी दी। फिर बदमाशों ने दंपति की पिटाई कर चाबी ले लीं। दोनों को बांधकर एक कमरे में डाल दिया। एक बदमाश उनकी रखवाली करता रहा। दो ने अलमारी का ताला खोलकर नगदी व जेवर निकाल लिए।
जैनेंद्र की पत्नी पुष्पा देवी जेवर पहने थी। उन्होंने कहा कि यह आर्टिफिशियल हैं। इससे पहने हुए जेवर नहीं लिए। हेलमेट लगाकर आए बदमाश नगदी व जेवर लेकर आराम से फरार हो गए। इसके बाद कमरे में बंद दंपति ने पड़ोस में अपने भांजे सुरेंद्र अग्रवाल को आवाज लगाई। उनके घर से लोग पहुंचे और कमरे की कुंडी खोली। दंपति बदमाशों की पिटाई से खौफजदा थे। उनके रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ अवनीश कुमार, इंस्पेक्टर फोर्स के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी कैमरे के बारे में जानकारी की। पड़ोस के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज साफ नहीं थे जबकि एक कैमरा बंद पाया गया। अन्य रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज की तलाश की जा रही है।
सूचना पर व्यापारी नेता भी पहुंच गए। हर किसी ने दिन में हुई वारदात पर आश्चर्य व्यक्त किया। पुष्पा देवी ने बताया अनुमान है अलमारी में रखे 50 हजार रुपये व कुछ जेवरात जैसे चेन, चूड़ी, अंगूठी आदि सामान बदमाश ले गए हैं। उन्होंने बताया उनके अधिकांश जेवरात बैंक लॉकर में रखे हैं। इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पुलिस आसपास घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे फुटेज के कैमरे खंगाल रही है। उनके रिश्तेदार के यहां भी कैमरा लगा है लेकिन उसकी दूरी ज्यादा है। साथ ही कोयले की दुकान के बाहर कैमरा लगा है। सभी कैमरों के पुलिस ने फुटेज खंगाले हैं। संदेह के आधार पर मोहल्ले के ही एक युवक को पुलिस उठाकर लाई उससे गहराई से पूछताछ की गई और व्यापारी से उसकी पहचान कराई गई। लेकिन उससे कुछ हासिल नहीं हुआ तो पुलिस ने उसे छोड़ दिया। घटना में शामिल बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस रेलवे रोड व आसपास गलियों में लगे कैमरों के भी फुटेज खंगाल रही है।