पहले चरण में बढ़पुर व कमालगंज विकास खंड में होने वाले डीडीसी व बीडीसी चुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। पत्रों को खरीदने के लिए दोनों ब्लाक कार्यालयों में दावेदारों की भीड़ उमड़ी। पहले दिन डीडीसी के 37 व बीडीसी के 255 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। कमालगंज में पत्रों की बिक्री के लिए काउंटर कम बनाए जाने से अव्यवस्था दिखी।
बढ़पुर और कमालगंज ब्लाक क्षेत्र में प्रथम चरण में पंचायत चुनाव होना है। कलेक्ट्रेट में स्थित चकबंदी कार्यालय में नामांकन पत्रों की बिक्री के लिए काउंटर बनाए गए। पहले दिन बढ़पुर ब्लाक क्षेत्र की जिला पंचायत सीट प्रथम के लिए छह, द्वितीय सीट के लिए छह और तृतीय सीट के लिए दो नामांकन पत्र खरीदे गए।
पहले दिन यहां कुल 14 नामांकन पत्र खरीदे गए। कमालगंज विकास खंड की डीडीसी की छह सीटों के लिए नामांकन पत्र बिके। डीडीसी की प्रथम सीट के लिए तीन, द्वितीय सीट के लिए तीन, तृतीय सीट के लिए एक, चौथी सीट को सात, पांचवीं सीट को एक और छठवीं सीट के लिए आठ नामांकन पत्र बिके। यहां कुल 23 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। शनिवार को भी कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्रों की बिक्री होगी।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए चुनाव लड़ने वाले दावेदारों ने भी इन दोनों ब्लाकों में नामांकन पत्र खरीदे। पहले दिन दोनों विकास खंडों में बीडीसी के लिए कुल 255 नामांकन पत्रों की खरीद हुई। नामांकन पत्रों की बिक्री के लिए बढ़पुर और कमालगंज ब्लाक कार्यालय पर काउंटर खोले गए थे।
ब्लाक कार्यालय बढ़पुर में आठ काउंटर बनाए गए हैं। यहां 121 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इनमें 18 अनारक्षित और 103 आरक्षित वर्ग के लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। नामांकन पत्रों के साथ जमानत राशि बैंक में जमा करने के लिए चालान फार्म भी दिया गया।
बीडीओ ने बताया कि महिलाओं को 150 रुपये, अनारक्षित पुरुष को 3 सौ रुपये व आरक्षित पुरुष के लिए 150 रुपये में नामांकन पत्र दिया गया। कमालगंज प्रतिनिधि के अनुसार, विकास खंड कार्यालय में 134 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इनमें से 90 आरक्षित और 44 अनारक्षित वर्ग के लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे।
यहां नामांकन पत्रों की बिक्री के लिए 14 काउंटर लगाए जाने थे लेकिन ब्लाक कार्यालय में तीन काउंटर ही लगाए गए। इससे पर्चे लेने के लिए लंबी लाइन लगी रही। अव्यवस्था से लोग परेशान दिखे।