.देशी शराब के ठेके में तोड़फोड़ के बाद पड़ताल करती पुलिस।
- फोटो : amarujala
उधार में शराब न मिलने पर चार युवकों ने सेल्समैन की पिटाई कर दी। ठेके पर ताबड़तोड़ गोलियां दागनी शुरू कर दी। इससे राहगीरों में भगदड़ मच गई। फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया। हमलावर शराब के ठेके से 14 हजार रुपये लूट कर भाग गए।
फतेहगढ़ में सिविल लाइन मढैया में देशी शराब की दुकान है। बुधवार को दिन में करीब तीन बजे दो बाइकों से चार युवक ठेके पर आए। उन्होंने सेल्समैन सचिन परमार निवासी वनखड़िया से शराब मांगी। सेल्समैन ने रुपये मांगे तो चारों युवकों ने रुपये देने से मना कर गाली देनी शुरू कर दी।
सेल्समैन की पिटाई कर दी। विरोध करने पर एक युवक ने तमंचा निकाला और फायर कर दिया। इससे वहा भगदड़ मच गई तभी चारों लोगों ने दोबारा फायरिंग की। एक के बाद एक फायर होने से वहां दहशत फैल गई। ठेके पर बैठा युवक गुड्डू यादव निवासी वनखड़िया गोली लगने से घायल हो गया। चारों युवकों ने ठेके के अंदर रखी गोलक से 14 हजार रुपये लूट लिए और फायरिंग करते हुए भाग गए।
घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाल अनूप निगम पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और सेल्समैन से पूछताछ के बाद मोहल्ला ग्वालटोली में घेराबंदी कर आरोपी गौरव यादव को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी ने अन्य साथियों के नाम बताए।
सेल्समैन सचिन परमार ने ग्वालटोली निवासी गौरव यादव, सोनू, बिलइया और राहुल के खिलाफ तहरीर दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई थी। कोतवाल अनूप निगम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जान लेवा हमले की रिपोर्ट चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज कर ली गई है।