कमालगंज। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं स्वावलंबन के लिए अब नये व्यावसायिक क्षेत्रों में प्रवेश की तैयारी में हैं। ब्लाक कार्यालय के सभागार में गुरुवार को आयोजित कार्यशाला में समूह की महिलाओं ने कॉम्पैक्ट फ्लोरेसेंट लाइट (सीएफएल) बल्ब व चप्पल बनाने का काम शुरू करने का प्रस्ताव दिया। इस पर परियोजना निदेशक (पीडी) ने प्रशिक्षण के साथ ही अन्य सहूलियत दिए जाने का भरोसा दिया।
विकास खंड की सभी 118 ग्राम पंचायतों में स्वयं सहायता समूह गठित हो चुके हैं। बकरी, भैंस पालन, ब्यूटी पार्लर, सजावटी सामान, हैंडलूम आदि काम समूह की ओर से किए जा रहे हैं। कार्यशाला में परियोजना निदेशक (जिला ग्राम्य विकास अभिकरण) राजमणि वर्मा से समूह की महिलाओं ने नये काम शुरू करने की इच्छा जताई। विकास स्वयं सहायता समूह खुदागंज की रुखसाना ने कहा कि उनके समूह की महिलाएं चप्पल बनाने का काम डालना चाहती हैं। शारदा महिला स्वयं सहायता समूह बारिया नगला की समूह सखी सीता देवी ने कहा कि मदद मिलने पर सीएफएल बल्ब बनाने का काम डाला जा सकता है।
नगला खेमरेंगाई के समूह संघर्ष व खुदागंज के समूह जाहरवीर की अध्यक्ष ने भी नया उद्यम शुरू करने पर जोर दिया। पीडी ने कहा कि महिलाएं नए कामों का चयन कर लें। उसके लिए प्रशिक्षण व अन्य सुविधाएं दिलाई जाएंगी। बीडीओ राजेश बघेल, सहायक विकास अधिकारी निरंजन त्रिवेदी, ब्लाक मिशन प्रबंधक अंबुज रवि, केपी मिश्रा ने भी विचार रखे।