फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: पुरस्कार वितरण समारोह में ग्रिल में उतरे करंट से छात्र झुलसा

विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। स्वतंत्रता दिवस पर क्रॉस कंट्री दौड़ के बाद फतेहगढ़ स्थित स्व. ब्रह्मदत्त स्टेडियम में पुरस्कार वितरण समारोह हुआ। स्टेज पर चढ़ने के दौरान ग्रिल में उतरे करंट से चार बच्चे चपेट में आ गए। एक छात्र गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गया। मौके पर खड़ी एंबुलेंस का चालक गायब होने से गुस्साए छात्रों ने पथराव कर तोड़फोड़ कर दी। निजी वाहन से घायल छात्र को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उसे मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन


स्टेडियम में शनिवार सुबह क्रॉस कंट्री दौड़ हुई, इसमें 94 युवा शामिल हुए। कैंट एरिया के फायरिंग रेंज से वापस आकर स्टेडियम में दौड़ का समापन किया गया। 8:30 बजे पुरस्कार वितरण समारोह शुरू हुआ। माइक से विजेता छात्रों की पुकार शुरू हुई। बच्चे स्टेज पर जा रहे थे। स्टेज में लगी ग्रिल में कटा तार छूने से उसमें करंट आ रहा था। एक बच्चे का हाथ ग्रिल में लगा, वह झटका खाकर गिर गया। इसी दौरान बढ़पुर ब्लॉक के गांव रायपुर निवासी पूर्व प्रधान सतेंद्र पाल का भतीजा आयुष पाल ग्रिल में आ रहे करंट से चिपक गया। वह छटपटाने लगा। यह देख उसके साथी मोहित पाल ने आनन-फानन ग्रिल के ऊपर से निकले बिजली के तार हटाए। करंट से छूटते ही आयुष बेहोश होकर गिर गया।
उसे अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस के पास ले गए। वहां चालक नहीं मिला, जबकि 108 एंबुलेंस थी ही नहीं। इससे छात्र आक्रोशित हो गए और एंबुलेंस में तोड़फोड़ की। फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने छात्रों को शांत कराया।
विज्ञापन


मौके पर नहीं मिली एंबुलेंस, एनएमएमयू का चालक गायब
स्टेडियम में सैकड़ों बच्चों की भीड़ होने से तत्काल उपचार के लिए नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट (एनएमएमयू) एंबुलेंस तैनात की गई थी। साथ ही 108 एंबुलेंस खड़ी करने के आदेश थे। एनएमएमयू के फार्मासिस्ट अनुज कुमार ने बताया कि इस एंबुलेंस में इलाज की व्यवस्था होती है। मरीज ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस की ड्यूटी लगी थी। 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं थी, इससे एनएमएमयू से घायल छात्र को ले जाने का दबाव बनाया गया। चालक ओमपाल तब चाय पीने गया था। इससे गुस्साए छात्रों ने पथराव कर एंबुलेंस का शीशा तोड़ दिया। एनएमएमयू के डॉ. अभिनव अपनी निजी कार से घायल छात्र को लोहिया अस्पताल ले गए। एंबुलेंस में तोड़फोड़ के मामले में फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी गई है।
लापरवाही का आरोप
घायल छात्र आयुष पाल के साथी मोहित पाल ने बताया कि स्टेडियम में व्यवस्थापक और बिजली ठेकेदार की लापरवाही रही। इतने बड़े आयोजन में बिजली के कटे तार छोड़ देना किसी की जान पर भारी पड़ सकता है। खास बात यह कि करंट लगने के बाद स्टेडियम का कोई कर्मचारी बचाने का प्रयास भी करता नहीं दिखा।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
जिला क्रीड़ाधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि करंट लगने से छात्र झुलसा है। करंट कहां से आया, इसकी जानकारी नहीं है। फिलहाल स्टेडियम के साउंड सिस्टम को कंडम घोषित कर दिया है। इससे इस साउंड सिस्टम का दोबारा उपयोग नहीं किया जाएगा। झुलसे छात्र की जो मदद हो सकेगी, वह की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें