चोरी के मोबाइल की जांच करने के लिए आए दरोगा के जाने पर दंपति के बीच विवाद हो गया। गुस्साई पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायकेवालों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने पति के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला शाहजहांपुर थाना मदनापुर के गांव बरीमखाने निवासी प्रेमसिंह ने बेटी सोनी की शादी 15 मई 2014 को थाना राजेपुर के गांव अंबरपुर निवासी कुलदीप के साथ की थी। गुरुवार को थाना पाली जिला हरदोई के दरोगा शिवाकांत पांडेय ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कुलदीप के घर पहुंच कर सोनी से चोरी के मोबाइल को लेकर पूछताछ की।
पुलिस का कहना था कि सोनी के पास जो मोबाइल था वह मोबाइल पाली क्षेत्र से चोरी हुआ था, जिसका मुकदमा दर्ज था। पुलिस को सर्विलांस के सहारे पता चला कि मोबाइल सोनी के पास है। पुलिस सोनी के जेठ को हिरासत में लेकर चली गई। पुलिस के जाने के बाद जब इसकी जानकारी पति कुलदीप को हुई तो उसका सोनी से विवाद हो गया। इससे गुस्साई महिला ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इसकी जानकारी होने पर महिला के पिता प्रेमसिंह, भाई अशोक समेत परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। प्रेम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसओ मोहित लाल यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला की फांसी लगाने से मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही गर्दन, पैर और पेट में खुरसट के निशान पाए गए। उधर, सोनी की मौत की सूचना मिलने पर पाली पुलिस ने मृतका के जेठ को छोड़ दिया।