फोटो-11 लोहिया अस्पताल की सेंट्रल लैब। संवाद
- फोटो : 1
फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल की सेंट्रल लैब में तैनात कर्मचारी ड्यूटी के दौरान शराब पीते हैं। मंगलवार को क्वालिटी मैनेजर को कमरों और डस्टबिन में शराब की बोतलें, गिलास और नमकीन के खाली रैपर मिले। उन्होंने सीएमएस को मामला बताया। सीएमएस ने दो सदस्यीय जांच टीम बना दी। टीम ने दफ्तर में तैनात एक लिपिक के परिजन समेत अन्य संदिग्धों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
अस्पताल के वार्डों, लैब, ब्लड बैंक, स्टोर समेत सभी विभागों में दीमक, कीड़ों, चूहों का आतंक है। इससे हर कोई परेशान है। मंगलवार को अभियान चलाकर सभी कमरों, विभागों में दवाएं रखी गईं और स्प्रे किया गया। क्वालिटी मैनेजर रजा खान शनिवार सुबह करीब 11 बजे लैब में स्प्रे कराने पहुंचे। उन्हें कमरों की स्लैब, मेजों और डस्टबिन में शराब की बोतलें, नमकीन के खाली रैपर, गिलास मिले। उन्होंने इसके वीडियो बनाकर फोटोग्राफी की। इसके बाद पूरी जानकारी सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा को दी। उन्होंने भी निरीक्षण कर कर्मचारियों को फटकार लगाई। सीएमएस ने लैब प्रभारी डॉ. जय सिंह और वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन अमिता की दो सदस्यीय जांच कमेटी बना दी है। सीएमएस ने टीम से तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देने को कहा है। शराब पीने में दफ्तर के प्रभावशाली लिपिक के परिजन की भूमिका भी संदिग्ध है।
जांच कमेटी के प्रभारी डॉ. जय सिंह ने बताया कि उन्होंने संदिग्ध कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। दोषी पाए जाने पर इन पर कार्रवाई होगी।