स्टेडियम में लीग मैच में शॉट लगाता खिलाड़ी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में चल रहे लीग मैच में याकूतगंज वारियर्स टीम के खिलाड़ियों ने आल राउंडर क्लब फर्रुखाबाद की टीम को आठ विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद हुए क्वार्टर फाइनल मैच में याकूतगंज वारियर्स टीम ने पांचाल घाट टीम को नौ विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
चैलेंजर्स कप 20-20 लीग मैच में सोमवार को याकूतगंज वारियर्स और ऑल राउंडर क्लब के मध्य मैच हुआ। ऑल राउंडर क्लब की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। विशाल छाबड़ा ने 24 रन और शोभित ने 70 रन की मदद से 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 131 रन बनाए। वारियर्स टीम की ओर से खिलाड़ी सौरभ जायसवाल ने आल राउंडर क्लब टीम के तीन विकेट, नितिन और अदनान खान ने 2-2 विकेट लिए। प्रतिउत्तर में वारियर्स के कप्तान दानिश खान और पंकुल ने ताबड़तोड़ शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी करते हुए 2 विकेट खोकर 12 ओवर में विजयी रन बना लिए। कप्तान दानिश खान ने 58 रन, पंकुल ने 52 रन बनाए। ऑल राउंडर क्लब के अंशुल पांडेय ने वारियर्स टीम के दो विकेट लिए। वारियर्स टीम ने ऑल राउंडर क्लब को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
दोपहर बाद क्वार्टर फाइनल मैच वारियर्स व पांचाल घाट टीम के मध्य हुआ। पांचाल घाट टीम के खिलाड़ियों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवरों में 112 रन बनाए। अजहरुद्दीन ने 29 रन, जहूर अली ने 41 रन बनाए। वारियर्स की ओर से गौरव गुप्ता ने पांचाल घाट टीम के तीन विकेट, अदनान ने दो विकेट लिए। प्रतिउत्तर में बल्लेबाजी को उतरी वारियर्स टीम के खिलाड़ियों ने 12 ओवरों में 113 रन बनाकर 9 विकेट से पांचालघाट टीम को हरा दिया। याकूतगंज वारियर्स टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई। मैच में अंपायर रफीकुल व मोहम्मद अहमद रहे। कमेंटरी नौशाद और स्कोरिंग विकास व रिषी ने की। मैच के दौरान क्रिकेट प्रबल पाठक, फज्जी खान, मोहम्मद अनवर, शैवर अली, सोनू ठाकुर विकास, अजय प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।