आडियो वायरल होने के बाद निलंबित किए गए एसएसआई (दरोगा) ने जेसीबी से मिट्टी खनन कराने के लिए युवक से दस हजार रुपये मांगे थे। वह दूसरे जिले में तैनात के दौरान उन पर भ्रष्टाचार का मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इसी कारण उनका सीओ पद पर प्रमोशन नहीं हो पाया है।
कमालगंज थाने में तैनात एसएसआई रामसेवक वर्मा का कस्बे के एक युवक की बातचीत का आडियो वायरल हुआ था। इसमें एसएसआई युवक से जेसीबी से मिट्टी खुदवाने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग की।
सौदा दस हजार रुपये में तय हो गया। बातचीत में एसएसआई कुछ माह पूर्व व्यापारी नेता से मारपीट के आरोपियों को दबिश की सूचना देने की बात भी स्वीकार कर रहे हैं। वायरल आडियो की एसपी ने सीओ अमृतपुर से जांच कराई।
सीओ की जांच के आधार पर एसएसआई रामसेवक वर्मा को निलंबित कर दिया। दरोगा पर दूसरे जनपद में दस वर्ष पहले भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज हुआ था। तब वह एसआई थे। इसी आरोप के कारण उनका प्रमोशन सीओ पद पर नहीं हो पाया।