फर्रुखाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को सगुना और ज्ञान देवी ने नामांकन दाखिल किए। सगुना को सपा ने उम्मीदवार बनाया है। ज्ञान देवी भी सपा के ही एक खेमे से हैं। नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। भाजपा, बसपा और कांग्रेस चुनाव मैदान से बाहर हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर नामांकन को लेकर सुबह से ही गहमागहमी रही। सगुना देवी व ज्ञान देवी के समर्थक सुबह से ही कलेक्ट्रेट के आसपास पहुंच गए थे। ज्ञान देवी ने सबसे पहले नामांकन दाखिल किया। इन्होंने चार सेट जमा किए। ज्ञान देवी के नामांकन के दौरान डा. सुबोध यादव, अनिल मिश्रा, अनस सिद्दीकी, प्रताप सिंह यादव, इजहार आलम, जियाउद्दीन, अभय प्रदीप गंगवार, राकेश दीक्षित, कल्लू यादव आदि मौजूद रहे।
दोपहर 1.30 बजे सगुना देवी अपने पति कायमगंज विधायक अजीत कठेरिया, अमृतपुर विधायक नरेंद्र सिंह यादव, भोजपुर विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी, के साथ नामांकन कराने कलेक्ट्रेट पहुंचीं। सगुना ने नामांकन का एक सेट दाखिल किया। इनके साथ राज कुमार राठौर, समीर यादव, नीलेश यादव , विश्वास गुप्ता, रंजीत चक आदि मौजूद रहे। एआरओ एडीएम मनोज सिंघल, एक्सईएन पंकज यादव ने नामांकन पत्र लिए।
दोपहर तीन बजे के बाद नामांकनपत्रों की जांच की गई। जांच में दोनों उम्मीदवारों के परचे वैध पाए गए। चार जनवरी का दिन नाम वापसी के लिए तय है। सात जनवरी को मतदान और मतगणना होगी। नामांकन को लेकर कड़ी सुरक्षा रही। कलेक्ट्रेट जाने वाले रास्तों पर बनाए गए बैरियर पर पुलिस मौजूद रही।