फर्रुखाबाद। प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भगवत पटेल ने 10 शिक्षकों के खिलाफ वेतन कटौती की कार्रवाई की है। दो शिक्षकोें की वेतन वृद्धि को घटाने का आदेश दिया। एक अनुदेशक की संविदा समाप्ति की कार्रवाई के लिए बीईओ को आदेश दिए हैं। यह कार्रवाई 30 दिसंबर को विभागीय अफसरों द्वारा संयुक्त रुप से परिषदीय स्कूलों के निरीक्षण के बाद भेजी गई आख्या पर की गई है।
30 दिसंबर को विभागीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया था। अफसरों की निरीक्षण आख्या मिलने पर प्रभारी बीएसए ने शिक्षकोें पर कार्रवाई की है। उच्च प्राथमिक विद्यालय चकरपट्टी मोहम्मदाबाद के प्रभारी प्रधानाध्यापक राम सागर, प्राथमिक विद्यालय किदरापुर बढ़पुर के प्रधानाध्यापक विजय कनौजिया, बढ़पुर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय खानपुर की प्रधानाध्यापक रविबाला, सहायक अध्यापिका नीता सिंह, संगीता, अनुजा निरीक्षण के समय विद्यालय से अनुपस्थित मिली थीं।
इनके एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया है। शमसाबाद विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मंझना की सहायक अध्यापिका कुसुमा पांच दिन से लगातार अनुपस्थित चल रही थीं। इस कारण इनके पांच दिन की वेतन कटौती का आदेश दिया गया। इसी विद्यालय के सहायक अध्यापक विनय प्रताप निरीक्षण के समय अनुपस्थित मिले थे। इनका एक दिन का वेतन, पूर्व माध्यमिक विद्यालय चिलसरा में सहायक अध्यापक विष्णु कुमार तीन दिन लगातार अनुपस्थित रहे, इनका तीन दिन का वेतन और प्राथमिक विद्यालय कटिया के सहायक अध्यापक प्रदीप निरीक्षण के दिन अनुपस्थित मिले थे, इनका एक दिन का वेतन काटने के आदेश बीईओ को दिए हैं।
प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर नवाबगंज के प्रधानाध्यापक मानवेंद्र सिंह और प्राथमिक विद्यालय समैचीपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक दुर्विजय सिंह की एक-एक स्थाई वेतन वृद्धि एमडीएम के तहत दूध वितरण न किए जाने पर काटने के आदेश बीईओ को दिए हैं। पूर्व माध्यमिक विद्यालय अर्रावाजपुर की अनुदेशक रिचा का मानदेय रोकते हुए संविदा समाप्ति की कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट देने का आदेश बीईओ को दिए हैं।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय रजलामई के अनुदेशक सचिन का मानदेय कटौती करने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा 11 शिक्षकों को एमडीएम के तहत दूध वितरण न करने या एमडीएम न बनवाने के कारण कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।