फर्रुखाबाद। चोरी की घटनाओं का खुलासा न होने से नाराज इलेक्ट्रिक कांट्रेक्टर्स एंड मर्चेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को पैदल मार्च कर एसपी को ज्ञापन सौंपा।
शहर के मोहल्ला तलैयाफजल इमाम निवासी नसीम की अंजुमन स्कूल के मार्केट में इलेक्ट्रिक की दुकान का 23 जनवरी की रात ताला तोड़ कर चोर 2 लाख का माल चुरा ले गए थे। 25 जनवरी की रात चोरों ने तलैया फजल इमाम नुक्कड़ पर स्थित सुभाष की बिजली दुकान में चोरी का प्रयास किया।
लगातार शहर क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं के विरोध में इलेक्ट्रिक कांट्रेक्टर्स एंड मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नंदकिशोर दुबे, महामंत्री अनूप शुक्ला के अलावा सुरेशलाल, राजेश, आशुतोष चौहान, मोहनदास, विजय शर्मा, अतुल कुमार, अनुराग, राजन, उमेश गुप्ता, शाकिर अली, गोपाल गुप्ता, बंटी आदि ने फतेहगढ़ चौराहा से एसपी आफिस तक पैदल मार्च किया।
व्यापारियों ने एसपी राजेश कृष्ण को ज्ञापन देकर चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और चोरी हुए माल को बरामद करने की मांग की। दुकानदारों ने कहा कि जिस इलाके में चोरी और प्रयास हुआ है उस क्षेत्र के पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके अलावा इलाके में पुलिस की गश्त तेज की जाए।