मृतक प्रत्याशियों के बेटे व पत्नी मैदान में
फर्रुखाबाद। जनपद में ग्राम प्रधान पद के छह प्रत्याशियों की मौत के बाद जिन पांच ग्राम पंचायतों में चुनाव स्थगित हुआ था वहां शुक्रवार को नामांकन किए गए। इसमें मृत प्रत्याशियों के बेटे व पत्नी ने चुनावी मोर्चा संभाला है।
निर्वाचन आयोग से प्राप्त आदेश के क्रम में छह गांवों में प्रधान पदों के लिए शुक्रवार को नामांकन किए गए। बढ़पुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत महरूपुर सहजू में प्रधान पद के प्रत्याशी भगवान दास की मौत होने से 9 प्रत्याशी मैदान में थे। अब स्व.भगवान दास के पुत्र देवेंद्र व गांव के सुरजीत कुमार सहित तीन लोगों ने नामांकन दाखिल किया।
इससे अब 12 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। राजेपुर की ग्राम पंचायत भुसेरा में प्रत्याशी अनुपम सिंह की मौत होने से उनकी पत्नी स्मिता सिंह ने नामांकनपत्र दाखिल किया। इससे अब फिर 10 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। शमसाबाद की ग्राम पंचायत कासिमपुर तराई के छह प्रत्याशियों में से वेदराम की मौत हो गई थी। प्रभारी बीडीओ एडीएसटीओ विजय प्रकाश ने बताया कि कोई नया नामांकन न होने से पांच प्रत्याशी ही चुनाव लड़ेंगे।
भड़ौसा में अब प्रधानी के लिए 29 प्रत्याशी
कमालगंज। तीनों ग्राम पंचायतों के लिए 19 नामांकन पत्र और दाखिल किए गए। अब भड़ौसा में प्रधान के 29 प्रत्याशी हो गए हैं। भड़ौसा में प्रधान पद के प्रत्याशी जलील अहमद की मौत हो गई थी। वहां 14 प्रत्याशी रह गए थे। शुक्रवार को 15 नामांकन और आ जाने से अब 29 उम्मीदवार हो गए।
अजीजलपुर में 15 प्रत्याशियों में अनीश की मौत से 14 प्रत्याशी रह गए थे। तीन नामांकन और आ जाने से यहां 17 प्रत्याशी हो गए हैं। बिचपुरी में प्रत्याशी मोतीलाल वर्मा की मौत हो गई थी। यहां एक नामांकन और जमा होने पर पूर्व की तरह 9 प्रत्याशी ही रहेंगे। बीडीओ श्रीप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि एक मई को चिन्ह वितरण व मतदान 9 मई को होगा।