बिजली बिल के सरचार्ज को 100 फीसदी माफ करने की योजना एक जनवरी से शुरू हो गई। पर इसके लिए पहले से कोई तैयारी नहीं की गई। इससे उपभोक्ताओं को योजनाओं का लाभ मिलना शुरू नहीं हुआ है। ब्याज की छूट पाने को उपभोक्ता आनलाइन पंजीकरण नहीं करा पा रहे हैं। पांच जनवरी तक छूट योजना का लाभ दिए जाने को साफ्टवेयर अपलोड होगा। इसके बाद योजना का लाभ उपभोक्ताओं को दिया जाएगा।
शहरी क्षेत्र में दो किलोवाट तक के घरेलू और कामर्शियल व ग्रामीण इलाकों के नलकूप उपभोक्ताओं को बिजली बिल के ब्याज में 100 फीसदी छूट दिए जाने को योजना शुरू हुई है। यह योजना एक जनवरी से लागू हो गई है। इसका लाभ पाने को उपभोक्ताओं को आनलाइन पंजीकरण कराना होगा। यह पंजीकरण तभी होगा जब विभागीय कंप्यूटरों में बिल का मूलधन और ब्याज का धन अलग-अलग दिखाने के लिए साफ्टवेयर अपलोड किया जाएगा। इसको अभी तक अपलोड नहीं किया गया है। इससे योजना का लाभ दिए जाने को उपभोक्ताओं का पंजीकरण का काम अधर में लटक गया है।
उपभोक्ता पंजीकरण कराने के लिए खंड व उपखंड कार्यालय में आने लगे हैं लेकिन साफ्टवेयर अपलोड न होने से वह पंजीकरण कराए बगैर लौट रहे हैं। इससे विभागीय अधिकारी भी परेशान हैं। आईटी प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि पांच जनवरी तक साफ्टवेयर अपलोड हो जाएगा। छह जनवरी से उपभोक्ताओं का आनलाइन पंजीकरण शुरू हो जाएगा और बिल भी जमा होने लगेंगे।