फर्रुखाबाद। जिले की तीनों तहसीलों के रजिस्ट्री दफ्तरों में शुक्रवार को बैनामे की वेबसाइट दिनभर रुक-रुक कर चलती रही।
कभी सर्वर ठप रहा, तो कभी स्पीड इतनी धीमी कि एक रजिस्ट्री पूरी करने में घंटों लग गए। इससे अधिवक्ताओं, बैनामा कराने वालों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
छह दिन बाद खुले रजिस्ट्री दफ्तरों में सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी। सदर तहसील के रजिस्ट्री कार्यालय में सुबह 10 बजे से ही लंबी कतारें लग गईं। थोड़ी देर के लिए वेबसाइट चली, मगर कुछ ही मिनटों बाद फिर बंद हो गई। दोपहर करीब 12 बजे वेबसाइट चालू हुई, लेकिन स्पीड धीमी रही।
सदर रजिस्ट्री कार्यालय में औसतन रोजाना करीब 70 रजिस्ट्री होती हैं, लेकिन वेबसाइट की खराबी के कारण शुक्रवार को करीब 30 बैनामे वापस हो गए। देर शाम तक भी वेबसाइट की गति सामान्य नहीं हो सकी। पूरे दिन रजिस्ट्री दफ्तर के अंदर और काउंटरों पर भीड़ बनी रही।
सदर तहसील में सब रजिस्ट्रार रविकांत ने बताया कि पूरे प्रदेश की समस्या है। लखनऊ स्तर पर वेबसाइट पर काम चल रहा है। कब तक समस्या का समाधान होगा, इसकी भी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वेबसाइट सही होने पर लोगों को दिक्कतें नहीं होंगी।
शासन ने एक घंटा बढ़ाया रजिस्ट्री का समय
ऑनलाइन रजिस्ट्री जिस वेबसाइट पर होती है, उसकी स्पीड में सुधार नहीं हो रहा है। प्रदेश भर की दिक्कत को देखते हुए शासन ने बैनामा करने का समय एक घंटे बढ़ा दिया है। अभी तक शाम पांच बजे वेबसाइट अपने आप बंद हो जाती थी, मगर अब शाम छह बजे तक बैनामे किए जा सकेंगे। इससे कुछ राहत मिली है।