दो अलग-अलग स्थानों पर टेंपो से हुए हादसों में अधेड़ की मौत हो गई। इसके अलावा छह लोग चुटहिल हो गए। हादसेे में घायल दो लोगों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया।
नगर के बाईपास मार्ग पर एक नर्सिंग होम के बाहर दवा लेकर भरगैन निवासी तवारीक अली, इनकी बुआ नसीमा बेगम, शेरबानो, शमीमा और शिपा टेंपो से वापस जाने लगीं। तभी ट्रैक्टर से बंध कर आ रहे रोड रोलर से निकले तार में टेंपो फंस गया।
रोलर टेंपो को खींचता हुआ ले गया। इसके बाद टेंपो नाले में जा गिरा। रोलर ने रमापुर दबीर निवासी दूध विक्रेता राजीव कुमार की बाइक को चपेट में ले लिया। रोलर से कुचल कर उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। टेंपो में बैठी सवारियां घ्रायल हो गईं।
हादसे की सूचना पर टेंपो मालिक करीमनगर निवासी शकेब खां और रोलर मालिक ब्रजपाल के अलावा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों ने समझौता कर मामला रफा दफा कर लिया।
वहीं दूसरी घटना कंपिल रोड पर मुबारकनगर गांव के पास हुई। यहां कायमगंज से सवारियां बैठाकर कंपिल जा रहा टेंपो साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
इसमें बैठे रायपुर निवासी रामभजन और शमसाबाद निवासी मोहम्मद सादिक घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
यहां इलाज के दौरान रामभजन ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सीएचसी के मेमो के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।