अमृतपुर। गंगा की कटान की चपेट में आने से नगला दुर्ग में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र समेत छह मकान ढह गए। एसडीएम ने गांव में निरीक्षण किया। सूचना न दिए जाने पर लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है।
तहसील क्षेत्र के गांव नगला दुर्गू में गंगा की तेज बहाव के चलते कटान हो रहा है। एक आंगनबाड़ी केंद्र व छह मकान कट जाने की सूचना ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों को दी। 24 सितंबर को एसडीएम श्वेता साहू ने कानूनगो अतुल कुमार, लेखपाल सुबोध गुप्ता के साथ गांव पहुंच कर निरीक्षण किया। एसडीएम को जांच में चार पक्के व दो कच्चे मकानों के साथ निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि हुई है।
लेखपाल सुबोध गुप्ता ने कटान होने की सूचना तहसील में नहीं दी। एसडीएम ने कहा कि लेखपाल ने अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती है। एसडीएम श्वेता साहू ने बताया कि लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।