फर्रुखाबाद। शहर में रिवैंप योजना के तहत भले ही 49 करोड़ रुपये से सुदृढ़ीकरण कराया गया लेकिन कई मोहल्लों में अभी तक केबल झूल रहे हैं। अब बिजनेस प्लान के तहत शहर के 63 स्थानों पर उपभोक्ताओं को झूलती केबलों से निजात दिलाने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसी सप्ताह काम शुरू होने की उम्मीद है। इस काम पर छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
अब बिजनेस प्लान के तहत मोहल्लों में बंच केबल डाली जाएगी। इसमें नरायनपुर, गुंजन विहार कालोनी, जेएनवी रोड, हाथीखाना, पटेल नगर नेकपुर, बढ़पुर, क्रिश्चियन फील्ड, खटकपुरा इज्जत खां, मन्नीगंज, शोरावाली गली, मोहल्ला तलैया, संगत आदि सहित 63 स्थानों पर केबलें झूल रही हैं। इससे आएदिन फाल्ट होने से बिजली गुल हो रही है। केबल जोड़ने के दौरान कई बार तो पूरे फीडर शटडाउन में बंद रहता है। जर्जर व झूलते केबलों के सहारे चल रही बिजली व्यवस्था की दगेबाजी से लोग परेशान हैं।
ट्रांसफार्मरों की होगी क्षमतावृद्धि, लगेंगे नए ट्रांसफार्मर
शहर में ओवरलोडिंग की भी बड़ी समस्या है। इससे गर्मी में लोड बढ़ने के साथ फाल्ट भी बढ़ जाते हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को उनके हक की 24 घंटे बिजली नहीं मिल पा रही है। अब ओवरलोडिंग खत्म करने के लिए नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ ही ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि भी कराई जाएगी।
जल्द शुरू होगा काम
अधिशासी अभियंता नगरीय बृजभान सिंह ने बताया कि केबल बदलने व ट्रांसफार्मर की क्षमतावृद्धि के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। कार्यदायी संस्था नामित होते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। इससे चिह्नित मोहल्लों में जर्जर तारों से उपभोक्ताओं को निजात मिलेगी। दोनों कार्यों पर करीब 6 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है।
फोटो-27 शहर के मोहल्ला बूरा वाली गली में झूलती केबलें। संवाद