फर्रुखाबाद। राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के छात्रों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय आकर उप जिला विद्यालय निरीक्षक से राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी होने की शिकायत की। कहा कि सर, विद्यालय में मानदेय पर पांच शिक्षकों की नियुक्ति थी, जिन्हें कुछ दिन पहले प्रभारी प्रधानाचार्य ने हटा दिया। इससे पढ़ाई करने में समस्या आ रही है।
गुरुवार को जीआईसी फतेहगढ़ के हाईस्कूल छात्रों ने एडीआईओएस एपी सिंह से शिकायत करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षकों की बेहद कमी है। स्थायी रूप से सिर्फ छह शिक्षक ही तैनात हैं। पूर्व प्रधानाचार्य ने अस्थायी रूप से मानदेय पर गणित, भौतिक विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी व कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति कर रखी थी। इससे उन लोगों की पढ़ाई हो जाती थी। छात्रों ने कहा कि सर कुछ दिन पहले मानदेय पर रखे गए शिक्षक हटा दिए गए। इससे पढ़ाई करने में दिक्कत आ रही है। कोर्स भी पूरा नहीं हो पा रहा है। इससे बोर्ड परीक्षा में भी दिक्कत आएगी।
एडीआईओएस ने छात्रों को आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में प्रधानाचार्य से बात करेंगे। जीआईसी फतेहगढ़ के प्रधानाचार्य संतोष कटियार ने बताया कि मानदेय पर पांच शिक्षकों की तैनाती की गई थी। पीटीए शुल्क से इन शिक्षकों को मानदेय दिया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के कुछ स्थायी शिक्षकों ने पीटीए शुल्क का विरोध किया। इसके चलते मानदेय पर रखे शिक्षकों को हटाना पड़ा। इस अवसर पर दिव्यांश प्रजापति, कृष्णा सैनी, अजय कुमार, मोंटी, सक्षम कुमार और कृष्णा कुमार आदि छात्र मौजूद रहे।स