फर्रुखाबाद। जनपद में एसआईआर अभियान अब अंतिम दौर में हैं। सोमवार तक 10.88 लाख मतदाताओं के गणना प्रपत्रों की फीडिंग का काम पूरा कर लिया गया है। गणना प्रपत्र जमा न होने से जिले में करीब 3.08 लाख मतदाताओं का नाम सूची से कटने की आशंका है।
जनपद में मतदाता सूची शुद्ध करने के लिए बिहार की तर्ज पर चार नवंबर से एसआईआर अभियान चलाया जा रहा है। चार दिसंबर तक अभियान पूरा करने के आदेश थे। निर्वाचन आयोग से एक सप्ताह का और मौका मिलने से 11 दिसंबर तक अभियान चलाया जाएगा। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्राें में कुल 13,98,009 मतदाता हैं। सभी 1531 बूथों पर बीएलओ 10 लाख 88 हजार 108 गणना प्रपत्र फीड कर चुके हैं। इससे 77.83 प्रतिशत अभियान पूरा हो सका है। अब गणना प्रपत्रों की फीडिंग के लिए तीन दिन ही शेष बचे हैं। घर-घर जाकर बीएलओ गणना प्रपत्र वितरण करने के साथ अब संकलित कर रहे हैं। अभियान की बीएलओ की ओर से दी गई रिपोर्ट के अनुसार कुल 39,058 मतदाताओं की मौत हो चुकी है। 1,25,704 मतदाता ढूंढे नहीं मिले। 1,11,971 मतदाता दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो चुके हैं जबकि 23,129 मतदाताओं की पहले से ही पोर्टल पर इंट्री है। 8,377 मतदाताओं के अन्य कारणों से गणना प्रपत्र जमा नहीं हो सके। इससे अब तक चले अभियान के तहत जिले में तीन लाख आठ हजार 239 वोटरों के गणना प्रपत्र जमा न हो पाने और फीडिंग न हो पाने से इनका नाम मतदाता सूची से कट सकता है। हालांकि अभी तीन दिन अभियान के शेष हैं। इन तीन दिनों में फीडिंग न होने पर मतदाताओं का नाम सूची से कटना तय माना जा रहा है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मतदाताओं से अपील की कि वह अपने क्षेत्रीय बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र जमा कर दें। इससे उनका नाम मतदाता सूची में बना रह सके। समय निकलने के बाद मतदाताओं को सूची में नाम शामिल कराने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।