जिले में कोराना मरीज मिलने से कचहरी में सन्नाटा
फर्रुखाबाद। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से दो दिन बाद खुली कचहरी में भीड़ कम रही। न्यायालय कर्मचारी, वकील व वादकारी मिलाकर कुल दो हजार लोगों की ही कचहरी में प्रवेश के दौरान थर्मल स्क्रीनिंग हुई। बार एसोसिएशन के महासचिव संजीव पारिया ने वकीलों की सुरक्षा को लॉकडाउन तक कचहरी बंद कराने को उच्च न्यायालय रिपोर्ट भेजने के लिए जिला जज को पत्र भेजा है।
शुक्रवार को कचहरी खुलने के बाद दो दिन का अवकाश रहा। इसी बीच जिले में दो लोग कोरोना पॉजिटिव निकल आए। दहशत के चलते सोमवार को कचहरी खुलने पर बहुत कम वकील और वादकारी आए। जिला जज के आदेश पर सुबह सात बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम कचहरी गेट पर पहुंच गई।
थर्मल स्क्रीनिंग के बाद कर्मचारी, वकील, उनके मुंशी और वादकारियों को प्रवेश दिया गया। दिनभर में यहां करीब दो हजार लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग हुई। जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजीव पारिया ने लॉकडाउन तक कचहरी बंद कराने के लिए जिला जज को पत्र लिखा है।
इसमें कहा कि अब जिले में कोरोना मरीज मिलने लगे हैं। कचहरी में वकीलों की सुरक्षा के कोई इंतजाम भी नहीं है। इससे जिले उच्च न्यायालय को रिपोर्ट भेज कर लॉकडाउन तक कचहरी बंद करा दी जाए।
थर्मल स्क्रीनिंग के बाद 273 को मिला प्रवेश
कायमगंज। कोरोना से बचाव के लिए मुंसिफ कोर्ट के गेट पर स्वास्थ्य कर्मी ब्रजेश तिवारी को थर्मल स्क्रीनिंग के लिए बैठा दिया गया। स्क्रीनिंग के दौरान कोई बाधा न उत्पन्न करे इसके लिए एक सिपाही की ड्यूटी लगाई गई। सोमवार को यहां आए 273 वकीलों व वादकारियों के नाम पता व मोबाइल नंबर नोट किए गए।
स्क्रीनिंग में सभी नार्मल पाए गए। बताया गया कि किसी को भी बुखार पाया जाता तो फ्लू कैंप भेजा जाता। बार एसोसिाएशन के उपाध्यक्ष राघव शुक्ला ने कहा कि हाईकोर्ट का यह भी निर्देश है कोर्ट खुलने से पहले परिसर को सैनिटाइज किया जाए। पहले दिन सैनिटाइज नहीं कराया गया है।