फेसबुक पर 10 रुपये का सिक्का नकली होने का मैसेज वायरल होने पर दुकानदारों ने 10 रुपये का सिक्का लेना बंद कर दिया है। इसको लेकर नगरवासियों को दिक्कत उठानी पड़ रही है।
नगरवासियों की मानें तो कुछ दिन पहले फेसबुक पर मैसेज वायरल हुआ कि 10 रुपये के नकली सिक्के बाजार में फैले हैं। इसको लेकर नगर के दुकानदारों ने 10 रुपये का सिक्का लेना बंद कर दिया। नगर के बडे़ व्यापारियों का कहना है कि बाजार में 10 रुपये के सिक्के बड़ी संख्या में चल रहे थे।
अचानक सिक्के लेना बंद हो जाने से लोगों को चिंता हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि स्टेट बैंक में लगी मशीन से भी दोनों तरह के सिक्के निकल रहे हैं। लेकिन फेसबुक व व्हाटसएप पर वायरल हुए मैसेज के बाद लोगों में ऊहापोह की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस संबंध में सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के शाखा प्रबंधक रजनीश कुमार ने बताया कि यह एक साजिश भी हो सकती है क्योंकि इस समय मार्के ट में सिक्के बहुतायत में हैं।
अगर मार्केट में नकली सिक्के होते तो आरबीआई को इसकी जानकारी होती और वह बैंकों को इसकी सूचना भेजती। सिक्कों को न लेना भारतीय मुद्रा का अपमान है, जो गैर कानूनी है।