ढाईघाट पर बुधवार को गंगा पहनावन के बाद दुकान के समाने बैठे 12 महिलाओं को दुकानदार ने पीट दिया। पुलिस ने पांच हमलावरों को पकड़ लिया।
कायमगंज कसबा निवासी अजय कुमार बुद्ध पूर्णिमा पर परिवार और रिश्तेदारों के साथ ढाईघाट पर गंगा को पहनावन के लिए आए थे। पूजा पाठ करने के बाद परिवार के लोग घर जाने के लिए फैजबाग तिराहा पर एक दुकान के सामने बैठ गए। यहां पर अजय कुमार अपने रिश्तेदारों को साड़ी और अन्य सामान दे रहे थे।
आरोप है कि दुकान के सामने भीड़ लग जाने से दुकानदार अनिल कुमार ने वहां से हटने की बात कही। इस पर अजय का दुकानदार से विवाद होने लगा। कहासुनी होने पर दुकानदार ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और महिलाओं और पुरुषों का पीटना शुरू कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई।
पुलिस ने दुकानदार अनिल, नीलेश, अमित, अरुण, संदीप सिंह को हिरासत में ले लिया। इस मारपीट में अजय की भाभी गुड्डी देवी के अलावा रिश्तेदार रक्षा देवी, उनका बेटा सूरज, शशि देवी पत्नी शैलेंद्र, पूजा पुत्री गोदन सिंह, मां मुन्नी देवी, देवकी पत्नी उपेंद्र सिंह, उनका बेटा जीतू, रिषभ, गीता देवी पत्नी रामलड़ैते, लीलावती पत्नी वीरपाल, संजय पुत्र जयवीर सिंह घायल हो गए। एसओ घायलों को अपनी जीप से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
गुड्डी देवी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उनके कुंडल छीन लिए। सूरज ने मोबाइल छीनने का आरोप लगाया। घटना के बाद अजय ने पकड़े गए पांचों नामजद और उनके पांच पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ तहरीर दी।