परिचय गंगा में गोविंद के शव तलाशते गोताखोर।
- फोटो : amarujala
बुद्ध पूर्मिणा पर गंगा नहाने के लिए आए दो युवक गंगा में डूब गए। इसमें एक की मौत हो गई। दूसरे को गोताखोरों ने सुरक्षित निकाल लिया।
पड़ोसी जिला हरदोई के थाना पाली के गांव सिमरिया निवासी गोविंद जाटव (20) पुत्र शिवकुमार की कसबा सवाजयपुर में मोबाइल की दुकान है। बुधवार को गोविंद अपने दोस्त हरीओम पाल निवासी किरतिया थाना पाली के साथ गंगा नहानेे के लिए पांचालघाट पर आया था। नहाने के दौरान गोविंद गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
यह देखकर हरीओम उसे बचाने के लिए पहुंच गया। इससे वह भी डूबने लगा।दोनों युवकों को डूबता देखकर वहां पर मौजूद नाविकों ने अपनी बल्ली हरीओम को पकड़वा दी। इसके सहारे से वह बाहर निकाल आया। सूचना पर गोताखोर, शहर कोतवाल द्रविड़ सिंह, पांचालघाट चौकी प्रभारी अंगद सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
गोताखोरों ने खोजबीन करके कुछ समय बाद युवक को बाहर निकाला। आनन फानन में पुलिस उसको लोहिया अस्पताल लेकर आई। यहां पर मौजूद डॉक्टर राजकिशोर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। गोविंद के गंगा में डूबने की सूचना पर उसका ताऊ भारत, मां विटोली देवी, भाई राजकुमार, बहन आरती समेत परिवार के अन्य लोग आ गए।
परिजनों ने बताया कि मृतक गोविंद छह भाई बहनों में सबसे बड़ा था।