फर्रुखाबाद। यूपी एनसीसी निदेशालय की ओर से हुई शूटिंग प्रतियोगिता में 12 यूपी फतेहगढ़ के तीन और 73 यूपी मेरठ व गाजियाबाद की एक निशानेबाज ने अपना हुनर दिखाया। सटीक निशाना लगाकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपना स्थान तय किया। प्रतियोगिता में जलवा बिखेर कर आए निशानेबाजों को एनसीसी अधिकारियों ने बधाई दी। यूपी की टीम ने एक स्वर्ण, तीन रजत व एक कांस्य पदक जीता।
एनसीसी निदेशालय की ओर से कोल्हापुर में अखिल भारतीय अंतर-निदेशालय खेल शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने सटीक निशाना लगाते हुए प्रदेश को समग्र दूसरा स्थान दिलाया। प्रतियेागिता में देशभर से 17 एनसीसी निदेशालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। 12 यूपी एनसीसी बटालियन के ले. गिरिजाशंकर ने बताया कि बटालियन के कैडेट मोहित ने 50 मीटर पीप साइट थ्री पोजीशन में सिल्वर, प्रोन पोजीशन 50 मीटर में आर्यन को कांस्य से संतोष करना पड़ा।
एयर राइफल में आयुषी को सिल्वर मेडल मिला। कोमल का पीप साइट प्रोन पोजीशन में प्री नेशनल कंप्टीशन के लिए चयन कर लिया गया। इस तरह 12 यूपी बटालियन के तीन कैडेट ने प्री नेशनल प्रतियोगिता के लिए जीवी मावलंकर निशानेबाजी प्रतियोगिता में स्थान बनाया। यूपी डायरेक्टरेट से ही 74 यूपी बटालियन एनसीसी गाजियाबाद ग्रुप की अदिति मिश्रा ने पीप साइट थ्री पोजीशन में सिल्वर मेडल जबकि 73 यूपी बटालियन एनसीसी मेरठ ग्रुप की निकिता रानी ने ओपन साइट राइफल प्रोन पोजीशन में गोल्ड मेडल हासिल किया।
कमान अधिकारी कर्नल अमरजीत सिंह मलिक ने बटालियन के विजेता एनसीसी कैडेट्स को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी को भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। बटालियन के एडम अफसर कर्नल अमनदीप सिंह खरोड, सूबेदार मेजर नवीन सिंह, सूबेदार शैलेंद्र सिंह, गजराज किशोर, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।