रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों की भगदड़ में दबी वृद्धा।
- फोटो : FARRUKHABAD
बस में चढ़ने को लेकर धक्कामुक्की, वृद्धा दबी
फर्रुखाबाद। रोडवेज बस स्टैंड पर रविवार को जैसे ही कानपुर की बस पहुंची, तो यात्रियों में पहले चढ़ने को लेकर होड़ मच गई। धक्कामुक्की में एक वृद्धा लोगों के बीच में दब गई। कुछ युवाओं ने उसे उठाकर अलग बैठा दिया। अभी भी कानपुर को ओर जाने वाले यात्रियों की मुसीबत कम नहीं हो रही हैं।
दिवाली का त्योहार खत्म होने के बावजूद रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या कम नहीं हो रही है। स्थिति यह है कि विभाग बसें भी उपलब्ध नहीं करवा पा रहा हैै। नतीजतन यात्रियों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कई-कई घंटे इंतजार के बाद जब कानपुर जाने वाली किसी भी डिपो की बस आती है, तो बस में चढ़ने को लेकर मारामारी की नौबत आ जाती है। रविवार दोपहर करीब 12 कानपुर जाने वाली एक बस जैसे ही पूर्वी गेट से घुसी, तो उसमें चढ़ने के लिए सैकड़ों यात्री दौड़ पड़े। इसी दौरान एक वृद्धा भीड़ के बीच में फंसकर गिर गई। चीखपुकार पर बस में चढ़ने को दौड़े कुछ युवाओं ने उसे उठाकर बाहर बैठा दिया। हालांकि वह बस कुछ ही मिनट में भर गई।
एआरएम आरसी यादव ने बताया कि उम्मीद थी कि शनिवार तक भीड़ कम हो जाएगी, मगर अभी भी यात्री ज्यादा निकल रहे हैं। हम लोगों के लिए यह चुनौती है। बसों का इंतजाम यात्रियों के हिसाब से करते हैं। फिर भी बसें कम पड़ रही हैं। शाम तक सभी यात्रियों को गंतव्य तक भेज दिया जाता है।