फर्रुखाबाद। शहर से सटे गांव माधौपुर में एक प्राचीन मंदिर में भरे भूसे, कंडे व लकड़ी के नीचे नंदी व शिवलिंग दबे मिले। अनुमान है कि शिवलिंग उखाड़कर रख दिया गया और उसके ऊपर भूसा भर दिया गया।
जानकारी पर दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत संतों संग पहुंचे। राजस्व विभाग ने नामजोख की। हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने मंदिर को खाली कराया। मऊदरवाजा थाने के गांव माधौपुर के नजदीक शिवलिंग व नंदी की हालत की जानकारी पर दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास महाराज कई संतों के साथ मौके पर पहुंचे। हिंदू महासभा युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा भी टीम के साथ पहुंचे। महंत की सूचना पर तहसील से लेखपाल और कानूनगो प्रमोद शुक्ला राजस्व अफसरों संग पहुंचे। उन्होंने मंदिर की आराजी की नापजोख की, तो आसपास कई खेतों में भी जमीन दिखाई दी।
महंत की देखरेख में जूना अखाड़ा के ब्रह्म चैतन्य गिरी, नितिन भारद्वाज, हिंदू महासभा के महामंत्री भानु प्रताप सिंह, डॉ. राघवेंद्र अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष क्रांति पाठक, अजय दुबे आदि तमाम कार्यकर्ताओं ने मंदिर में भरा भूसा और अन्य सामान हटाने का काम किया। महंत ईश्वरदास महाराज ने बताया कि यह बेहद निंदनीय कृत्य है। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि कब्जे की सूचना मिली थी। पुलिस बल भेज दिया है।