गांव बरौन में घटनास्थल पर लगी भीड़ व खड़े पुलिस कर्मी।
- फोटो : FARRUKHABAD
मायके वालों ने धारदार हथियार से सात को किया घायल
फर्रुखाबाद। पति-पत्नी के विवाद में मायके वालों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। गुस्साए मोहल्ले वाले हमलावरों को कब्जे में ले पाते कि इससे पहले ही कुछ लोगों ने एक कमरे में उन्हें बंद कर दिया। हमले में मां-बेटा समेत सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला समेत चार हमलावरों को हिरासत में ले लिया है।
मां और ननद के साथ न रहने की जिद के चलते मऊदरवाजा थाने के गांव बरौन निवासी हासिम उर्फ मीनू पुत्र चांद मियां का पत्नी से विवाद होता है। रविवार को विवाद बढ़ा, तो पत्नी ने अपने मायके फोन कर दिया। इस पर दिल्ली के रघुवीरनगर निवासी तीन ससुराली और एक महिला कार से यहां पहुंचे। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे उन्होंने मकान बंद कर लिया और हासिम, उनकी मां नफीसा बेगम को पीटना शुरू कर दिया।
चीख-पुकार पर हासिम के चाचा और उनके बेटे छत से अंदर कूद गए, तो ससुरालियों ने धारदार हथियार से उन्हें भी घायल कर दिया। इसी दौरान मुख्य दरवाजा खुल गया और मोहल्ले के कई लोग अंदर पहुंच गए। लोग हमलावर होते इससे पहले ही कुछ लोगों ने मायके पक्ष को कमरे बंद कर पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस ने घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया और हमलावरों को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा ने बताया कि हमले में हासिम, उसका भाई सादिक, मां नफीसा बेगम, चाचा इशरत और उनके बेटे मोहसिन, अमन तथा फरमान पुत्र न्यामत उल्ला घायल हुए हैं। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।