कमालगंज (फर्रुखाबाद)। दो दोस्तों के साथ बाइक से गंगा नहाने गया बीज व्यापारी युवक गंगा के गहरे पानी में डूब गया। दोस्त की सूचना पर परिजन व पुलिस गंगा किनारे पहुंची। आठ गोताखोरों को बुलाकर गंगा में खोजबीन कराई गई। चार घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव निकाला जा सका। इस दौरान तीन सौ से अधिक लोगों की भीड़ मौजूद रही। तहसीलदार सदर सूचना पर पहुंचे।
थाना क्षेत्र के गांव बलीपुर निवासी राजीव राजपूत (25) पुत्र हरपाल सिंह अपनी बाइक से दोस्त मनीष व सतीश के साथ घर से दोपहर 12 बजे गंगा नहाने के लिए निकला था। गांव नौशारा के सामने सुंदरपुर कटरी घाट पर तीनों युवक गंगा में नहाने लगे। गहरे पानी में चले जाने से राजीव डूब गया।
दोस्त सतीश ने करीब एक बजे राजीव के बड़े भाई ब्रजेश को डूबने की सूचना दी। परिजन, ग्रामीणों के साथ घाट पर पहुंचे। भोजपुर चौकी प्रभारी सुधीर सिंह भी पहुंच गए। करीब तीन बजे आठ गोताखोरों ने पहुंचकर गंगा में राजीव की तलाश शुरू की। कुछ गोताखोर नाव पर बैठकर भी पानी में थाह ले रहे थे। इस बीच आस-पास के गांव भी लोग पहुंचते रहे।
4.20 बजे तहसीलदार सदर राजू कुमार भी मौके पर पहुंचे। डूबने के चार घंटे बाद शाम 4.47 बजे गोताखोरों ने राजीव को निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। राजीव के पिता हरपाल सिंह ने बताया कि राजीव एमएससी पास था। याकूतगंज में बीज भंडार की दुकान है।
सात बहनों में छह की शादी हो चुकी है। मां प्रेमवती व बहन का गंगाघाट पर रो-रोकर बेहाल हो गईं। ग्रामीणों ने कहा कि गोताखोर और पहले पहुंच जाते तो शायद राजीव को बचाया जा सकता था।