पहली पत्नी के जिंदा होने के बाद भी पति ने दूसरी शादी रचा ली। पत्नी ने जब विरोध किया तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस और मायके वालों को लेकर पहुंची महिला पर उसके पति ने हमला कर दिया। पुलिस ने महिला के जेठ को हिरासत में लिया है।
थाना कंपिल के गांव अजीतपुर का रहने वाला किशुनसेठ यादव का विवाह 17 साल पहले पड़ोसी जिला शाहजहांपुर के थाना अल्हागंज के गांव हुल्लापुर के रघुवीर की पुत्री बबली के साथ हुआ था। बबली से उसके पांच बच्चे हैं। अर्चना (14), कंचन (13), सुभाष (11), विकास (9) और आकाश (6) बच्चों को भुलाकर उसने नोएडा में आशा नाम की महिला के साथ शादी रचा ली और वह जब घर लेकर आया तो पहली पत्नी बबली ने इसका विरोध किया।
विरोध करने पर उसके परिवारीजनों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला अपने पिता रघुवीर को लेकर थाने पहुंची और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस इस घटना पर गांव अजीतपुर पहुंची तो किशुनसेठ के पिता और भाइयों ने एकराय होकर उन पर टकोरा, फावड़ा, हंसिया से धावा बोल दिया।
पुलिस के साथ होने के कारण यह लोग बाल-बाल बच गए। फिलहाल पुलिस ने जेठ विशुनसेठ को हिरासत में ले लिया है। बबली ने बताया कि उसका पति नोएडा में नौकरी करता था। वहीं से उसने शादी कर ली। बबली की तहरीर पर थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एसओ सुशील कुमार ने बताया कि बबली को न्याय दिलाया जाएगा।