कायमगंज फ्लूकैंप में डाक्टरों को पीपीई किट बांटते एसडीएम। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। एलवाई डिग्री कालेज में चल रहे स्पेशल फ्लू कैंप में मुफ्त में सेवा दे रहे निजी चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए एसडीएम अमित आसेरी ने अपने पास से पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्शन इक्यूपमेंट) किटें मुहैया कराई है। एसडीएम ने चिकित्सकों को इसका इस्तेमाल करने का डेमो करके भी दिखाया। किटें कानपुर आईआईटी के वैज्ञानिकों ने तैयार की हैं।
कोरोना वायरस की जंग में लॉकडाउन से पहले नगर के एलवाई डिग्री कालेज में एसडीएम द्वारा खोले गए स्पेशल फ्लू कैंप में 24 निजी चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। उनकी सुरक्षा के लिए ग्लब्स व किटें आदि उपलब्ध नहीं थीं। कपड़े की सिली हुई किट पहनकर डॉक्टर ओपीडी में मरीज देख रहे थे। बुधवार सुबह एसडीएम ने सभी चिकित्सकों को 60 किटें दीं और उन्हें इस्तेमाल करने का तरीका भी बताया।
एसडीएम अमित आसेरी आईआईटी कानपुर के छात्र रह चुके हैं। उन्होंने बताया कोरोना वायरस के प्रकोप की वजह से यह किटें मुश्किल से मिल पा रही हैं। ऐसे में आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिकों ने सस्ते में पीपीई किटें तैयार की हैं। इस मौके पर डॉ. प्रतोष, डॉ. जेयू खान, डॉ. शरद, डॉ. मनीष, डॉ. एमपी सिंह, डॉ. संदीप, डॉ. विकास शर्मा, डॉ. आशय गुप्ता, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. संतोष, डॉ. सुभाष गुप्ता, डॉ. पीसी गुप्ता, डॉ. डीएस चौहान, डॉ. हेमंत आदि मौजूद रहे।