कायमगंज। मंडी समिति का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम रवींद्र कुमार को मुख्य गेट पर लगा तौल कांटा बंद मिला। कंप्यूटर पर धूल जमी थी। कार्यालय में सभी कक्षों में ताला लटका मिला। सचिव समेत अन्य कर्मचारी नदारद मिले। एसडीएम ने कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की बात कही।
रविवार सुबह 11 बजे मंडी समिति में किसानों व व्यापारियों की समस्याएं जानने के लिए शिविर लगना था। इसकी जानकारी मंडी सचिव को दी गई थी। शिविर में पहुंचे एसडीएम रविंद्र कुमार को सभी कर्मी नदारद मिले। निरीक्षण में परिसर में गंदगी मिली। व्यापारियों ने कहा कि गर्मी के दिनों में कभी ठंडा पानी नहीं मिलता है। सभी वाटर कूलर खराब पड़े थे।
एसडीएम ने जय जवान जय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव हरिलाल राजपूत, जिलाध्यक्ष कमलेश राजपूत, वारिश अली व किसान यूनियन भानू गुट के नेता ग्रीश चंद्र शाक्य, राजवीर चौहान से वार्ता की। व्यापारी नेता संजय गुप्ता, उमेश गुप्ता, आदेश अग्निहोत्री भी रहे। कमलेश राजपूत ने टिन शेड खाली कराने की मांग रखी।
इस पर भानू गुट के नेताओं ने अन्य मंडी में भी पहले टिनशेड खाली कराने के लिए कहा। व्यापारी नेताओं ने कहा टिनशेड खाली कराने से व्यापार पर असर पड़ेगा। कोई सहमति न बनने पर एसडीएम व तहसीलदार विक्रम सिंह ने कहा कि जो कानूनी प्रक्रिया होगी वह अपनाई जाएगी।
एसडीएम ने बताया सचिव नागेंद्र सिंह, मंडी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, लिपिक अमित सक्सेना, मंडी सहायक श्याम सिंह, अंकित विसारिया नदारद मिले, सभी पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट दी जाएगी। इस दौरान नायब तहसीलदार श्रजन कुमार, मनीष वर्मा आदि मौजूद रहे।
मंडी लाइसेंस की जांच के लिए लगाई 25 टीमें
मंडी समिति में बिना लाइसेंस के काम कर रहे व्यापारियों की जांच के लिए एसडीएम रवींद्र कुमार ने 25 टीमें बनाई हैं। प्रत्येक टीम में दो-दो लेखपाल लगाए गए। उन्होंने मंडी में काम कर रहे सभी व्यापारियों के लाइसेंस की जांच कराई। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस काम कर रहे व्यापारियों पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)