कायमगंज (फर्रुखाबाद)। इटावा समेत पांच जिलों की वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की विशेष अन्वेषण शाखा (एसआइबी) की टीमों ने तंबाकू की पांच फर्माें में स्टॉक में गड़बड़ी पकड़ी है। सभी पर कुल 26.34 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। बाकी दो फर्माें की जांच की जा रही है।
टीम के ज्वाइंट कमिश्नर ग्रेड-2 समरजीत सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर अशोक बनर्जी, डिप्टी कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में छह टीमें शनिवार को तहसील पहुंचीं।
कई घंटे मंत्रणा के बाद टीमों ने भारी पुलिस फोर्स के साथ सात तंबाकू की फर्मों पर छापा मारा था। सभी फर्मों पर माल, स्टॉक रजिस्टर व अन्य दस्तावेजों से सत्यापन कार्य चलता रहा।
जांच के बाद ज्वाइंट कमिश्नर अशोक बनर्जी ने बताया कि एसके इंटर प्राइजेज फर्म पर 14.49 लाख जुर्माना लगाया गया। एके इंटर प्राइजेज पर 2.32 लाख, कमलेश ट्रेडर्स पर 2.10 लाख, अनंत ट्रेडर्स पर 2.88 लाख, आराध्या ट्रेडर्स पर 4.55 लाख रुपये टैक्स व जुर्माना लगाया गया है।