जहानगंज। ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से स्कूटी सवार छात्र की मौत हो गई, जबकि पूर्व प्रधान के पुत्र सहित दो लोग घायल हो गए। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। चालक मौके से फरार हो गया था।
थाना क्षेत्र के गांव अहमदपुर देवरिया निवासी मानसिंह खेती करते हैं। उनका 22 वर्षीय पुत्र आकाश बीएससी का छात्र था। वह शनिवार को स्कूटी से परिवार के अजय कटियार के 13 वर्षीय पुत्र सूरज और पूर्व प्रधान अनूप कटियार के सात वर्षीय पुत्र देव के साथ स्कूटी से एक शीतगृह के भंडारण के शुभारंभ कार्यक्रम में गया था। शीतगृह से वापस जाते समय आकाश स्कूटी चला रहा था।
गांव सिरौंज स्थित हनुमान मंदिर के पास दूसरी ओर से ईंटें लादकर आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने स्कूटी में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरे आकाश की कमर के ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया निकल गया। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भाग गया।
सूचना पर पुलिस और परिजन तीनों को शहर की आवास विकास कालोनी स्थित निजी अस्पताल में ले गए। डॉक्टर ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सूरज और देव को भर्ती कर लिया गया। आकाश की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया। सीओ राजवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।